बदलती मानव सभ्यता के बीच चेतना का विराट विस्तार : विजय प्रकाश मिश्रा के मार्गदर्शन में स्वाति श्रीवास्तव का मिशन विराट: स्वाति श्रीवास्तव
आज मानव सभ्यता ऐसे परिवर्तन के दौर से गुजर रही है, जिसकी गति शायद इतिहास में पहले कभी इतनी तेज नहीं रही। विज्ञान तकनीक कृत्रिम बुद्धिमत्ता इंटरनेट और डिजिटल माध्यमों ने मनुष्य के जीवन को अभूतपूर्व सुविधाएं दी हैं। दुनिया छोटी हुई है, सूचनाओं तक पहुंच आसान हुई है और ज्ञान के नए दरवाजे खुले हैं। लेकिन इस बाहरी प्रगति के समानांतर एक दूसरा प्रश्न भी तेजी से महत्वपूर्ण होता जा रहा है कि क्या मनुष्य का आंतरिक विकास भी उसी गति से हो रहा है? क्या हमारी भावनात्मक परिपक्वता, धैर्य, संवेदनशीलता, पारिवारिक संबंधों और आत्मिक संतुलन में भी वैसी ही वृद्धि हो रही है, जैसी तकनीकी क्षमताओं में दिखाई देती है? विश्व स्वास्थ्य संगठन की 1 सितंबर 2025 को प्रकाशित रिपोर्ट के अनुसार, दुनिया में 10 से 19 वर्ष की आयु के प्रत्येक सात किशोरों में लगभग एक किसी मानसिक स्वास्थ्य संबंधी समस्या से प्रभावित है। चिंता अवसाद और व्यवहार संबंधी समस्याएं इस आयु वर्ग की प्रमुख चुनौतियों में शामिल हैं। दूसरी ओर OECD के PISA 2022 अध्ययन में विभिन्न देशों के विद्यार्थियों के बीच डिजिटल उपकरणों से उत्पन्न ध्यान भटकाव का महत्वपूर्ण तथ्य सामने आया। OECD देशों में औसतन 30 प्रतिशत विद्यार्थियों ने बताया कि गणित की अधिकांश या हर कक्षा में वे डिजिटल उपकरणों के कारण विचलित होते हैं। लगभग 25 प्रतिशत विद्यार्थी दूसरे विद्यार्थियों के डिजिटल उपकरणों के कारण भी ध्यान भटकने की बात स्वीकार करते हैं। ये आंकड़े किसी एक देश या समाज की कहानी नहीं हैं, बल्कि उस वैश्विक चुनौती की ओर संकेत करते हैं जिसमें बच्चों के सामने सूचनाओं की अधिकता है, लेकिन एकाग्रता भावनात्मक संतुलन संबंधों में सच्चा प्रेम और आत्मनियंत्रण विकसित करना पहले से अधिक महत्वपूर्ण हो गया है।
आखिर मानव सभ्यता और मानव स्वभाव में यह बदलाव क्यों हो रहा है? तकनीक और सोशल मीडिया ने बच्चों के अनुभवों इच्छाओं तुलना करने की प्रवृत्ति और ध्यान देने के तौर-तरीकों को प्रभावित किया है। प्रतिस्पर्धा और प्रदर्शन का दबाव, माता-पिता की व्यस्तता परिवार के सदस्यों के बीच संवाद का कम होना, एकल परिवारों की बढ़ती संख्या नींद और शारीरिक गतिविधियों की अनियमितता तथा वास्तविक सामाजिक संबंधों के स्थान पर आभासी संपर्कों का विस्तार भी महत्वपूर्ण कारक हैं। बच्चों को आज बहुत कुछ बताया जा रहा है, लेकिन उन्हें अपने मन को समझना भावनाओं को संभालना असफलताओं को स्वीकार करना और अपने भीतर स्थिरता विकसित करना सिखाने की आवश्यकता पहले से कहीं ज्यादा है। इसका अर्थ यह नहीं कि नई पीढ़ी में क्षमताओं की कमी है, बल्कि यह है कि उसकी क्षमताओं को सही दिशा और भावनात्मक आधार देने की आवश्यकता है। ऐसे समय में शिक्षा के साथ आत्मशिक्षा सच्चे प्रेम में समर्पण और एकत्व, परिवार के साथ आत्मीयता और ज्ञान के साथ विवेक का विकास अनिवार्य हो जाता है।
मैं यह मानती हूं कि इस परिवर्तन का उत्तर केवल व्यवस्थाओं को बदलने में नहीं बल्कि प्रत्येक व्यक्ति के स्वयं पर काम करने में भी छिपा है। जब व्यक्ति अपने विचारों व्यवहार प्रतिक्रियाओं इच्छाओं और भावनाओं को समझने लगता है, तभी वह अपने परिवार और समाज के लिए अधिक सकारात्मक भूमिका निभा सकता है। बच्चों को अच्छे संस्कार देने के लिए आवश्यक है कि बड़े स्वयं अपने आचरण में उन संस्कारों को उतारें। बच्चे उपदेशों से जितना सीखते हैं, उससे कहीं अधिक अपने माता-पिता के व्यवहार, उनके संवाद, उनकी संवेदनशीलता और उनके जीवन जीने के तरीके से सीखते हैं। इसलिए परिवार को बचाने और आने वाली पीढ़ी को बेहतर बनाने की शुरुआत स्वयं से होनी चाहिए।
इसी संदर्भ में मेरे जीवन में विजय प्रकाश मिश्रा का मार्गदर्शन एक अत्यंत महत्वपूर्ण अनुभव है। मैं उन्हें अपना गुरु मानती हूं। उनके विचारों ध्यान संबंधी प्रयोगों और मनुष्य की आंतरिक संभावनाओं को विकसित करने के दृष्टिकोण से जुड़ने के बाद मैंने अपने भीतर लगातार परिवर्तन महसूस किए हैं। यह मेरे लिए केवल किसी विचार को सुनने या किसी दर्शन को पढ़ने का विषय नहीं रहा बल्कि स्वयं को समझने और अपने व्यक्तित्व पर काम करने की एक निरंतर प्रक्रिया बनी है। उनके मार्गदर्शन में ध्यान को केवल कुछ समय आंखें बंद करके बैठने की क्रिया के रूप में नहीं, बल्कि अपने भीतर के विचारों भावनाओं ऊर्जा एकाग्रता,एकत्व और चेतना को समझने में बहुत ज्यादा आसानी होती है। मेरी अनुभूति में उनका सान्निध्य एक ऐसा ऊर्जा क्षेत्र निर्मित करता है, जिसमें व्यक्ति अपने विचारों को अधिक स्पष्टता, अपने उद्देश्यों को अधिक व्यापकता और अपनी क्षमताओं को अधिक सकारात्मक दिशा देने का प्रयास कर सकता है। मैंने अपने भीतर जो ऊर्जा स्पंदन और एकत्व महसूस किया है, उसकी कोई सीमा निर्धारित करना मेरे लिए संभव नहीं है। मुझे लगता है कि इस ऊर्जा का उपयोग मानव कल्याण के लिए विश्वस्तरीय और बड़े से बड़े रचनात्मक कार्यों में किया जा सकता है।
इसी यात्रा में विराट श्रीकृष्ण चालीसा मेरे लिए विशेष महत्व रखती है। यह रचना भगवान श्रीकृष्ण के ग्यारहवें अध्याय में वर्णित विराट स्वरूप और श्रीमद्भगवद्गीता के गहन आध्यात्मिक दर्शन से प्रेरित है। इसका चिंतन मनन और भावपूर्ण पाठ व्यक्ति को अपने सीमित दृष्टिकोण से ऊपर उठकर व्यापकता में सोचने की प्रेरणा दे सकता है। श्रीकृष्ण का विराट स्वरूप हमें यह बोध कराता है कि सृष्टि कितनी व्यापक है और मनुष्य का अस्तित्व उससे कितना गहराई से जुड़ा हुआ है। जब कोई व्यक्ति इन भावों को बार-बार पढ़ता समझता और अपने जीवन में उतारने का प्रयास करता है, तो वे उसके विचारों दृष्टिकोण और व्यवहार का हिस्सा बन सकते हैं। मनोवैज्ञानिक दृष्टि से भी सकारात्मक विचारों का नियमित चिंतन ध्यान और आत्मसंवाद व्यक्ति की मानसिक आदतों एकाग्रता और भावनात्मक प्रतिक्रियाओं को बेहतर बनाने में सहायक हो सकते हैं। इस अर्थ में मैं विराट श्रीकृष्ण चालीसा को केवल धार्मिक पाठ नहीं, बल्कि आत्मविकास और सकारात्मक व्यक्तित्व निर्माण की एक प्रेरक तत्व के रूप में देखती हूं।
विशेष रूप से बच्चों के संदर्भ में इसकी भूमिका मुझे अत्यंत महत्वपूर्ण दिखाई देती है। आज की पीढ़ी को केवल यह बताना पर्याप्त नहीं है कि उसे क्या करना चाहिए; उसे यह अनुभव कराना भी आवश्यक है कि वह अपने भीतर कितनी संभावनाएं रखती है। विराट स्वरूप का चिंतन बच्चे के मन में व्यापक दृष्टिकोण जिज्ञासा आत्मविश्वास संवेदना और सृजनात्मकता जैसे गुणों को विकसित करने की प्रेरणा बन सकता है। यदि बच्चे को प्रेम ध्यान अनुशासन सकारात्मक संवाद और अच्छे संस्कारों का वातावरण मिले तथा उसे अपनी भावनाओं को समझने का अवसर दिया जाए, तो उसका व्यक्तित्व अधिक संतुलित और संवेदनशील बन सकता है। मैं अपने अनुभव के आधार पर यह भी कहना चाहती हूं कि जब व्यक्ति अपने विचारों को सकारात्मक बनाता है, तो उसके व्यवहार संबंधों और जीवनशैली में भी परिवर्तन होता है। इसी अनुभव ने मेरे भीतर एक नई अंतराग्नि प्रज्वलित की है। ऊर्जा को मानवता के हित में लगाने का संकल्प है। मैंने अपने जीवन का एक मिशन बनाया है—मिशन विराट। इसके माध्यम से मेरा उद्देश्य बच्चों परिवारों और समाज में सकारात्मक चेतना मानवीय संवेदना आत्मविश्वास संस्कार और व्यापक दृष्टिकोण के विकास के लिए काम करना है। मैं चाहती हूं कि माता-पिता अपने बच्चों के साथ अधिक आत्मीय संवाद स्थापित करें, परिवारों में प्रेम और विश्वास मजबूत हों तथा शिक्षा के साथ बच्चों को अपने मन और व्यक्तित्व को समझने की प्रेरणा मिले।
मेरा विश्वास है कि मानव सभ्यता का अगला महत्वपूर्ण अध्याय केवल अधिक बुद्धिमान मशीनें बनाने या अधिक विकसित तकनीक प्राप्त करने से नहीं लिखा जाएगा। वह इस बात से भी तय होगा कि हम कितने संवेदनशील मनुष्य कितने जिम्मेदार माता-पिता कितने जागरूक शिक्षक और कितने बेहतर नागरिक बन पाते हैं। बच्चों का भविष्य सुरक्षित करना है तो हमें उनके भीतर प्रेम विवेक अनुशासन धैर्य और आत्मबोध के बीज बोने होंगे। इसके लिए परिवार विद्यालय समाज और आध्यात्मिक मार्गदर्शन के बीच एक सकारात्मक संबंध स्थापित करना होगा।
आज जब मैं अपने भीतर हो रहे परिवर्तनों को देखती हूं, तो ईश्वर के प्रति कृतज्ञता का भाव स्वाभाविक रूप से जागता है। मुझे प्रसन्नता है कि जीवन में ऐसे मार्गदर्शन से जुड़ने का अवसर मिला, जिसने मेरे भीतर एक नई ऊर्जा, नई दृष्टि और व्यापक उद्देश्य का अनुभव कराया। मैं चाहती हूं कि यह अंतराग्नि केवल मेरे भीतर न रहे, बल्कि अनेक लोगों के जीवन में सकारात्मक प्रकाश का माध्यम बने। मेरा मिशन विराट इसी विश्वास पर आधारित है कि जब एक व्यक्ति स्वयं को बेहतर बनाने की यात्रा शुरू करता है, तो उसका प्रभाव उसके परिवार, बच्चों, समाज और अंततः मानव सभ्यता तक पहुंच सकता है।
स्वाति श्रीवास्तव एडिटर -एट-लार्ज

Comments
Post a Comment